Tuesday, August 18, 2026
Home Crime Ratlam News: रतलाम में 7.5 करोड़ की जूलरी लूट का 48 घंटे...

Ratlam News: रतलाम में 7.5 करोड़ की जूलरी लूट का 48 घंटे में खुलासा, सराफा कारोबारी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

[Nishaanebaz News] Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम में सराफा कारोबारी से बस में हुई करीब 7.5 करोड़ रुपए की सोने-चांदी की जूलरी लूट का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 5.50 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि सराफा कारोबारी की दुकान में काम करने वाला रोहित नायक था। उसे व्यापारी के आने-जाने और सामान के मूवमेंट की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने लूट की साजिश तैयार की।

बड़नगर से रतलाम लौटते समय हुई थी लूट

जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी अर्पित चौरड़िया उज्जैन जिले के बड़नगर से बस में सवार होकर रतलाम लौट रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग था।आरोपियों को व्यापारी के सफर और सामान की जानकारी पहले से थी। इसी के आधार पर उन्होंने बस में सवार होकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।बताया गया कि आरोपी भी बड़नगर से उसी बस में सवार हुए और व्यापारी के पीछे वाली सीट पर बैठ गए। इसके बाद रेन फंटे के पास आरोपियों ने बस रुकवाई और मौका मिलते ही व्यापारी के सोने से भरे बैग लेकर फरार हो गए।

read more: Gwalior News: ग्वालियर में SP कार्यालय में युवक ने खाया जहर, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कर्मचारी रोहित नायक ने रची थी पूरी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि व्यापारी की दुकान में काम करने वाले रोहित नायक को कारोबारी के मूवमेंट और जूलरी की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर उसने कथित तौर पर लूट की योजना तैयार की।प्लानिंग में अभिजीत उर्फ अभय भी शामिल था, जो रतलाम के गणेश मार्केट में चाय की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, अभिजीत ने रोहित के साथ मिलकर कारोबारी की गतिविधियों और आने-जाने की जानकारी जुटाई।इसके बाद रतलाम के कोर्ट चौराहे स्थित राहुल गुर्जर की दुकान पर लूट की पूरी योजना बनाई गई।

बाइक से भागने की भी थी पूरी तैयारी

लूट की वारदात के बाद आरोपियों के भागने का रास्ता भी पहले से तय था। पुलिस के अनुसार, रवि उर्फ बबला गुर्जर ने आरोपियों को भागने के लिए बाइक उपलब्ध कराई थी।वारदात के बाद आरोपियों की योजना इंदौर जाने की थी। बताया गया कि गिरोह में शामिल गौरव गुर्जर इंदौर में ढाबा चलाता है और वहां आरोपियों के रुकने की योजना थी। हालांकि पुलिस की दबिश बढ़ने के बाद आरोपी वहां नहीं पहुंचे और दूसरी जगह चले गए।

5.50 करोड़ का माल बरामद

रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में लूटी गई जूलरी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में 238 नग सोने के आभूषण, जिनका कुल वजन करीब 4.167 किलोग्राम, और 183 नग चांदी के आभूषण, जिनका वजन करीब 4.047 किलोग्राम है।इस तरह कुल 421 नग सोने-चांदी के आभूषण, जिनका वजन करीब 8.214 किलोग्राम है, बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 50 लाख रुपए बताई गई है।हालांकि पुलिस के मुताबिक लूटी गई पूरी जूलरी अभी बरामद नहीं हो सकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और बाकी माल की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

read more: Rewa News: त्योंथर में उफनती बेलन नदी का कहर, नहाने गए दो युवक तेज बहाव में बहे; एक बचा, दूसरा लापता

एनएनजी गैंग बनाकर करते थे वारदात की प्लानिंग

Ratlam News: पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और कथित तौर पर एनएनजी ग्रुप बनाकर वारदातों की योजना तैयार करते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।इस मामले में पुलिस ने रोहित नायक, अभिजीत, राहुल, यशवंत, वीर, मोहम्मद उमर और रवि गुर्जर के नाम सामने आने की जानकारी दी है। इनमें से छह आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई है, जबकि गौरव गुर्जर की तलाश जारी है।रतलाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 48 घंटे के भीतर करोड़ों की लूट का खुलासा होने के बाद अब जांच का फोकस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए बाकी माल की बरामदगी पर है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here