Wednesday, September 9, 2026
Home Chhattisgarh Rajnandgaon Cattle Smuggling : बोरतलाव पुलिस की नाकेबंदी में फंसी ‘छोटा हाथी’:...

Rajnandgaon Cattle Smuggling : बोरतलाव पुलिस की नाकेबंदी में फंसी ‘छोटा हाथी’: क्रूरतापूर्वक कत्लखाने ले जा रहे मवेशियों को कराया आजाद

Rajnandgaon Cattle Smuggling : राजनांदगांव/बोरतलाव। पशु तस्करी के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशों पर अमल करते हुए बोरतलाव थाना पुलिस ने घेराबंदी कर महाराष्ट्र ले जाए जा रहे मवेशियों से भरे एक वाहन को पकड़ा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मवेशी और वाहन सहित करीब 4.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार श्रीवास के नेतृत्व में पुलिस टीम 11 जनवरी को गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग के छोटा हाथी (पिकअप) वाहन क्रमांक MH 36 AA 0916 में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बोरतलाव मेन रोड स्थित नंदिनी पेट्रोल पंप के पास चेकिंग पॉइंट लगाया।

कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन आता दिखा, जिसे पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में रोका। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान इमरान शेख (30 वर्ष) और रवि भोयर (35 वर्ष), दोनों निवासी सालेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, तो उसके भीतर 2 भैंसें बरामद हुईं। मवेशियों को इस कदर बांधा गया था कि उनके पास हिलने-डुलने तक की जगह नहीं थी और न ही उनके लिए चारे-पानी की कोई व्यवस्था की गई थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1,70,000 रुपये मूल्य के मवेशी और 3,00,000 रुपये कीमत का पिकअप वाहन, कुल 4,70,000 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में सउनि गोकुल सोनकर, प्रधान आरक्षक पिताम्बर प्रसाद पैकरा और आरक्षक 1249, 1893 का विशेष योगदान रहा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here