MP Crime News: राजू बैरागी \रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने शनिवार शाम हिंसक रूप ले लिया। तुलसीपार गांव में कथित तौर पर एक युवक ने तलवार से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज बेगमगंज के सिविल अस्पताल में जारी है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
रिपोर्ट वापस लेने के दबाव में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है। आरोपी अभिषेक अठ्या (22) गांव में स्थित नारायण यादव की दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसने पिछले महीने दर्ज कराई गई एक शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी वहां से अपने घर गया और तलवार लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने दुकान पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
सचिन यादव पर किया जानलेवा हमला
MP Crime News: आरोप है कि आरोपी ने सबसे पहले सचिन यादव (28) को निशाना बनाया और तलवार से कई वार किए। हमले में सचिन के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान अभिषेक गौर और छोटू कुशवाहा भी आरोपी के हमले की चपेट में आ गए। दोनों को भी तलवार लगने से गंभीर चोटें आईं।
एक घायल सागर रेफर, दो का स्थानीय अस्पताल में इलाज
MP Crime News: घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सचिन यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर कर दिया।वहीं अभिषेक गौर के पैर और छोटू कुशवाहा की पीठ पर चोटें आने के कारण दोनों को बेगमगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वारदात के बाद आरोपी फरार
MP Crime News: घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अभिषेक अठ्या मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसे लेकर शनिवार को फिर तनाव की स्थिति बनी और मामला हिंसक हो गया।उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
MP Crime News: पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







