C.G Crime : रायपुर में देर रात खून-खराबा, नुकीले हथियार से युवक की हत्या- विवाद की वजह आई सामने

Rahul Goshwami

रायपुर : राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे आपसी कहासुनी और गाली-गलौच से शुरू हुआ विवाद कारण बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले निवासी युवक के रूप में हुई है। घटना गुमा बना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई, जिससे इलाके में देर रात हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात लगभग 12 बजकर 5 मिनट पर पेट्रोल पंप के नजदीक सड़क किनारे एक युवक खून से लथपथ पड़ा मिला। लोगों ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से उरला पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां एम्स रायपुर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान फुल्लम सिंह गोंड़ (24 वर्ष) पिता कन्हैया गोंड़, निवासी करंजिया, डिंडोरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में युवक की पीठ पर नुकीले हथियार से किए गए कई हमलों के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वारदात बेहद नृशंस तरीके से अंजाम दी गई।

उरला थाना प्रभारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में ही जांच में जुट गई। प्राथमिक पूछताछ और घटनास्थल की पड़ताल के आधार पर देर रात दो नाबालिग समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। दोनों किशोरों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी से भी पूछताछ जारी है। सभी आरोपियों का मृतक से किसी न किसी रूप में परिचय होना बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सभी के बीच पहले गाली-गलौच हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ा और आरोपियों ने युवक पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। मंगलवार को हिरासत में लिए गए तीनों से विस्तार से पूछताछ कर वारदात की पूरी कहानी सामने लाई जाएगी। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सूचना दे दी है और मामले को हत्या का प्रकरण मानकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *