Raipur News: रायपुर : रायपुर के गुड़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के खिलाफ स्थानीय लोग और कई राजनीतिक-सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं निगम और जिला प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई के लिए मौजूद है।
Raipur News: प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे पिछले 40-50 वर्षों से यहां दुकानें संचालित कर रहे हैं और उन्हें पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है। उनका आरोप है कि तय सीमा से अधिक हिस्से को तोड़ा जा रहा है, जिससे उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित होगा। कई लोगों ने कहा कि उनकी दुकान ही आजीविका का एकमात्र साधन है।
Raipur News: विरोध में कांग्रेस, भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ता भी शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गरीब व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और कार्रवाई मनमानी तरीके से की जा रही है।
Raipur News: वहीं प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य नियमानुसार किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को पहले ही मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था दी जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार सभी आवश्यक अनुमति के बाद ही यह कार्रवाई की जा रही है।
Raipur News: प्रदर्शन और कार्रवाई के बीच इलाके में जाम की स्थिति बन गई है। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।











