रायपुर : रायपुर से सामने आई यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ लगातार पांच दिनों तक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
चॉकलेट का लालच देकर घर ले जाता था आरोपी
परिजनों के अनुसार, आरोपी पेशे से चुड़ी बेचने का काम करता था और बच्ची को चॉकलेट व खाने-पीने का लालच देकर अपने घर ले जाता था। वहां वह बच्ची के साथ गंभीर अपराध को अंजाम देता और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। डर के कारण बच्ची लंबे समय तक चुप रही।
Read More : Top News : कांग्रेस नेता विकास तिवारी पर कार्रवाई की तीसरी चोट, राज्यसभा सांसद के प्रतिनिधि पद से भी हटाए गए
दर्द से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब नहाते समय बच्ची ने तेज दर्द की शिकायत अपनी चाची से की। परिजनों द्वारा पूछने पर बच्ची ने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने तुरंत सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और मेडिकल जांच व अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
बढ़ते अपराधों पर चिंता
इस घटना ने छत्तीसगढ़ में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में बच्चियों के खिलाफ यौन अपराधों में करीब 50% की बढ़ोतरी हुई है, जो प्रशासन और समाज दोनों के लिए चेतावनी है।
सख्त सजा की मांग
घटना के बाद सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। बजरंग दल सहित कई संगठनों ने आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच की जा रही है।













