Saturday, August 22, 2026
Home Chhattisgarh Raipur IGKV Paper Leak:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का पेपर लीक: प्रोफेसर समेत...

Raipur IGKV Paper Leak:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का पेपर लीक: प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 36 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

Raipur IGKV Paper Leak
Raipur IGKV Paper Leak

Raipur IGKV Paper Leak:रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले का मास्टरमाइंड दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। पेपर खरीदने वाले आरोपी इसी कॉलेज के छात्र बताए गए हैं।

मामले में पुलिस ने 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल समेत अन्य सामान जब्त किया है। वहीं, मामले से जुड़े 2 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

 

 

20 अगस्त को सामने आया पेपर लीक

पुलिस के मुताबिक, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 28 कृषि महाविद्यालयों में 20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष, द्वितीय सेमेस्टर के एजीसीएच-221 कीटशास्त्र विषय की परीक्षा होनी थी।

परीक्षा शुरू होने से पहले ही सुबह करीब 8:41 बजे कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल पर प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। करीब 8:54 बजे संबंधित अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई। छात्रों और छात्र प्रतिनिधियों ने व्हाट्सऐप के जरिए प्रश्नपत्र के कुछ सवाल वायरल होने की जानकारी विश्वविद्यालय को दी।

इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया।

100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक अधिकारियों और जवानों की टीम बनाई। जांच के लिए रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, बिलासपुर और आसपास के जिलों में अलग-अलग टीमें भेजी गईं।

साइबर टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, मैसेज और पोस्ट की तकनीकी जांच की। पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किस मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट या डिजिटल माध्यम से वायरल हुआ था।

जांच के दौरान पुलिस को दुर्ग निवासी अनुज मिंज के बारे में जानकारी मिली। टीम ने दुर्ग पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का पता लगाया।

ऐसे किया गया था प्रश्नपत्र लीक

पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया वर्ष 2019 से भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में प्रोफेसर है। पिछले करीब एक साल से वह अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लेने के लिए कृषि महाविद्यालय रायपुर आता था।

17 अगस्त को भी वह उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के लिए जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय पहुंचा था। वहां से उसने आने वाली परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए। सभी प्रश्नपत्र कॉलेज ले जाने के बाद उसने उन्हें कॉलेज में रख दिया, लेकिन 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र अपने घर ले गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर पर लिफाफे में छोटा छेद कर सुई और नुकीले उपकरण की मदद से मोबाइल कैमरा अंदर डाला और प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री की नकल तैयार कर उसने अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को 11 हजार रुपये में बेच दी।

इसके बाद अजय नायक ने प्रश्नपत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को उपलब्ध कराया।

6 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

पुलिस ने मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल बरामद किए गए हैं।

Raipur IGKV Paper Leak:पुलिस के अनुसार, मामले में 2 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

 

Raipur IGKV Paper Leak: गिरफ्तार आरोपी

01. योगेश सोनकेसरिया पिता गुलाब चंद सोनकेसरिया उम्र 38 साल निवासी ग्राम भैरोगंज, तहसील, थाना व जिला सिवनी (म.प्र.)। हाल पता -चंदखुरी दुर्गा चौक थाना पुलगांव जिला दुर्ग।

02. अजय नायक पिता वीरेन्द्र कुमार नायक उम्र 20 साल निवासी ग्राम कुशभाटा पोस्ट नगरदा जिला बलौदा बाजार। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।

03. त्रिदेव पटेल पिता जगदीश पटेल उम्र 22 साल निवासी ग्राम कनकेवा थाना सरायपाली जिला महाससुंद। हाल पता – फेस 02 ब्लॉक ई 107 आनंद विहार जिला दुर्ग।

04. नितिन पाण्डेय पिता कुशल प्रसाद पाण्डेय उम्र 22 साल निवासी ग्राम आसना तामाकोनी थाना कोतवाली जिला बस्तर। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।

05. अनुज मिंज पिता रेनू मिंज उम्र 22 साल निवासी ग्राम पाकरगांव थाना पत्थलगांव जिला जशपुर। हाल पता – संजय साहू हॉस्टल पोटिया चौक जिला दुर्ग।

06. आदित्य साहू पिता लेखराम साहू उम्र 20 साल निवासी हथौद थाना बालोद जिला बालोद। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here