Thursday, October 8, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Cyber Fraud: रायपुर में बुजुर्ग से साइबर ठगी, फर्जी बैंक APK...

Raipur Cyber Fraud: रायपुर में बुजुर्ग से साइबर ठगी, फर्जी बैंक APK से उड़ाए 5.32 लाख रुपये; ऐसे रहें सावधान

Raipur Cyber Fraud
Raipur Cyber Fraud

Raipur Cyber Fraud: रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समता कॉलोनी इलाके में साइबर ठगों ने 66 वर्षीय बुजुर्ग को बैंक ऑफ इंडिया के नाम से भेजे गए फर्जी मैसेज और APK फाइल के जरिए अपना शिकार बनाया। ठगों ने बुजुर्ग के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 5 लाख 32 हजार 990 रुपये निकाल लिए। इस मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने BNS की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक के नाम से आया फर्जी मैसेज

Raipur Cyber Fraud: शिकायतकर्ता सुशील अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनके 66 वर्षीय पिता महेश कुमार अग्रवाल के WhatsApp नंबर पर 26 सितंबर की शाम करीब 4 बजे एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया था। WhatsApp प्रोफाइल पर बैंक ऑफ इंडिया का लोगो लगा हुआ था।

मैसेज में सीनियर सिटीजन को सरकारी और बैंक की योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर एक फाइल पर क्लिक करने को कहा गया था। बुजुर्ग ने मैसेज को बैंक से जुड़ा हुआ समझकर करीब 5 बजे लिंक पर क्लिक कर दिया।

लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक

लिंक खोलते ही साइबर ठगों ने मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद कुछ ही घंटों में बुजुर्ग के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से लगातार ट्रांजेक्शन किए गए। बैंक ऑफ इंडिया के सेविंग्स अकाउंट से 5-5 हजार रुपये के 10 ट्रांजेक्शन कर कुल 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। वहीं, इसी खाते से जुड़े क्रेडिट कार्ड से 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 4 लाख 82 हजार 990 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह ठगों ने कुल 5 लाख 32 हजार 990 रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया।

समय पर शिकायत से 1.62 लाख रुपये वापस

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने करीब 3 घंटे के भीतर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। समय पर शिकायत किए जाने का फायदा भी मिला। क्रेडिट कार्ड से निकाली गई 4 लाख 82 हजार 990 रुपये की रकम में से 1 लाख 62 हजार 280 रुपये वापस क्रेडिट कार्ड में री-क्रेडिट हो चुके हैं। हालांकि, अभी 3 लाख 70 हजार 710 रुपये की रकम वापस नहीं मिल सकी है।

माता-पिता को ऐसे साइबर ठगी से बचाएं

– बैंक के नाम से आए किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें।
– बैंक कभी भी WhatsApp या SMS के जरिए ऐसी फाइल इंस्टॉल करने को नहीं कहता।
-किसी अनजान व्यक्ति को मोबाइल का रिमोट एक्सेस न दें।
-OTP, PIN, CVV और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें।
-बुजुर्गों को खासतौर पर बैंक और सरकारी योजना के नाम पर आने वाले फर्जी मैसेज से सावधान करें।
– ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें और संबंधित बैंक को भी जानकारी दें। पुलिस अब मामले में साइबर ठगों तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here