Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रावतपुरा इलाके में चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित कुल तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
Raipur Crime: पुलिस के मुताबिक, रावतपुरा फेस-2 निवासी श्याम तांती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 से 17 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा बाथरूम और किचन में लगे नल चोरी कर ले गए। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 876/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वहीं, रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू ने शिकायत की थी कि 7 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच उनके घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण और चांदी का सिक्का चोरी कर लिया गया। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध क्रमांक 978/26 के तहत अपराध दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि दूसरी चोरी में मिले कुछ सोने के आभूषण बेचने के लिए दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
Raipur Crime: पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण महानंद (28), शेख खोकन (37) और दुरपती बाई साहू (37) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मण महानंद इससे पहले भी टिकरापारा थाना क्षेत्र के चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित प्रकरणों में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।
Raipur Crime: गिरफ्तार आरोपी
01. लक्ष्मण महानंद पिता चंचल महानंद उम्र 28 साल निवासी बी.एस.यू.पी. कालोनी रावतपुरा फेस 01 ब्लॉक नंबर 16 मकान नंबर 12 थाना टिकरापारा रायपुर।
02. शेख खोकन पिता शेख फजलू उम्र 37 साल निवासी गोर्वधन बाड़ा तेलीबांधा थाना तेलीबांधा रायपुर।
गिरफ्तार आरोपी (अप.क्र. 978/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के प्रकरण में)
01. लक्ष्मण महानंद पिता चंचल महानंद उम्र 28 साल निवासी बी.एस.यू.पी. कालोनी रावतपुरा फेस 01 ब्लॉक नंबर 16 मकान नंबर 12 थाना टिकरापारा रायपुर।
02. शेख खोकन पिता शेख फजलू उम्र 37 साल निवासी गोर्वधन बाड़ा तेलीबांधा थाना तेलीबांधा रायपुर।
03. दुरपती बाई साहू पति राम खिलावन साहू उम्र 37 साल निवासी रावतपुरा बी.एस.यू.पी. कालोनी रावतपुरा फेस 01 ब्लॉक नंबर 05 मकान नंबर 17 थाना टिकरापारा रायपुर।