Raipur Crime : रायपुर: शहर में रविवार देर रात से सोमवार शाम तक 24 घंटे के भीतर चार अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। गांधी नगर, इंद्रप्रस्थ फेस-2, डबरापारा और मौदहापारा में हुए हमलों में करीब 8 लोग घायल हो गए।
Raipur Crime : सबसे गंभीर घटना मौदहापारा इलाके में हुई, जहां चाकूबाजी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भारी बल के साथ मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित करने पड़े।
Raipur Crime : पुलिस के अनुसार सोमवार शाम मो. अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी के लिए जा रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते रवि रक्सेल और उसके साथियों ने विवाद कर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और मरही माता मंदिर के पास भीड़ इकट्ठा हो गई, जहां पथराव और मारपीट हुई।
Raipur Crime : मामले में पुलिस ने रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल और अभय रक्सेल को गिरफ्तार किया है। दीपक मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और सभी मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
Raipur Crime : जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी दुश्मनी थी। पिछले साल रमजान के दौरान मो. अल्ताफ और राशिद अली ने रवि रक्सेल पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया था। हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद दोनों पक्षों में फिर तनाव बढ़ा और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
Raipur Crime : इसी दौरान इंद्रप्रस्थ फेस-2 में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ, जहां शौर्यन ठावरे के घर में घुसकर मारपीट और चाकूबाजी की गई। इस मामले में कुबेर वर्मा और विष्णु वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। डबरापारा में पुरानी रंजिश के चलते प्रॉपर्टी डीलर राज वर्मा पर चाकू से हमला किया गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Raipur Crime : वहीं गांधी नगर इलाके में कुख्यात आरोपियों रवि साहू और मुकेश बनिया के गुर्गों के बीच गैंगवार भी सामने आया, जिसमें चाकू से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में पर्याप्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।











