Raigarh Police Road Safety : रील के चक्कर में ‘जेल’ की नौबत: रायगढ़ में स्टंटबाज युवक पर पुलिस का शिकंजा, भारी जुर्माना और कड़ी फटकार

0
108

Raigarh Police Road Safety : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़: सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के चक्कर में खतरनाक बाइक स्टंट करना एक युवक को बेहद महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने और रील बनाने वाले युवक के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल भारी जुर्माना लगाया है, बल्कि भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी भी दी है। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी युवक एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी का पुत्र है, इसके बावजूद पुलिस ने बिना किसी पक्षपात के वैधानिक कार्रवाई को अंजाम दिया।

वायरल वीडियो से हुई पहचान तमनार थाना क्षेत्र के एक युवक का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा था, जिसमें वह सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए स्टंट कर रहा था। रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर थाना प्रभारी तमनार, निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल एक्शन लेते हुए युवक की शिनाख्त की। आरोपी की पहचान शाश्वत सिदार (20 वर्ष), निवासी कुंजेमुरा के रूप में हुई। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने रील बनाने के उद्देश्य से यह वीडियो खुद बनाया और पोस्ट किया था।

एसएसपी का कड़ा रुख: “कोई भी हो, कानून से ऊपर नहीं” इस मामले पर रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट और कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि यह दूसरों की जान के साथ भी खिलवाड़ है। एसएसपी ने जोर देकर कहा, “कानून सबके लिए समान है, चाहे वह किसी भी परिवार या पृष्ठभूमि से जुड़ा हो। पुलिस परिवार का सदस्य होने का मतलब यह नहीं कि उसे कानून के उल्लंघन की छूट मिलेगी।”

भारी जुर्माना और विधिक कार्रवाई थाना प्रभारी ने युवक को थाने बुलाकर सड़क हादसों के कानूनी परिणामों से अवगत कराया और कड़ी फटकार लगाई। युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत भारी जुर्माने की कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस निष्पक्ष कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here