भोपाल: गांजा तस्करी के मामले में सगे भाई की गिरफ्तारी को लेकर मंत्री प्रतिमा बागरी ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस मामले को लेकर पहले अनिल बागरी को भाई मानने से इनकार करने वाली मंत्री ने अब साफ शब्दों में कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो भी गलत करेगा, उस पर कार्रवाई तय है।
गिरफ्तारी के बाद सामने आया मंत्री का पक्ष
मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि कोई भी भाई अपनी बहन को हर गतिविधि की जानकारी नहीं देता। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में उन्होंने किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया है और न ही आगे करेंगी। पुलिस प्रशासन अपने स्तर पर निष्पक्ष जांच कर रहा है।
Read More : Vikram Bhatt और पत्नी की बढ़ी मुश्किलें! कोर्ट ने जमानत की खारिज, भेजा 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर …
पुलिस कार्रवाई में कोई दखल नहीं
प्रतिमा बागरी ने कहा कि उनकी ओर से जितनी सख्ती बरती जा सकती थी, वह की गई है। उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस प्रशासन को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और उनकी तरफ से किसी प्रकार का अवरोध या दबाव नहीं बनाया जा रहा है। कानून अपने हिसाब से काम कर रहा है और वही तय करेगा कि आगे क्या कार्रवाई होगी।
मोहन सरकार में सब बराबर
मंत्री ने राज्य सरकार का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार में कानून सबके लिए समान है। चाहे आरोपी सगा रिश्तेदार ही क्यों न हो, अगर उसने कानून तोड़ा है तो उस पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार में किसी के लिए अलग नियम नहीं हैं।
निष्पक्षता का दावा
प्रतिमा बागरी ने यह भी कहा कि यह मामला पूरी तरह से कानून और जांच एजेंसियों पर छोड़ दिया गया है। पुलिस जो भी फैसला लेगी, वह कानून के दायरे में होगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार की मंशा साफ है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











