ऑपरेशन सिंदूर पर सियासी मंज़र : सीएम योगी के जोशीले पोस्ट से लेकर विपक्ष की सराहना तक, जानें किसने क्या कहां…

Parivesh

लखनऊ। पहलगाम आतंकी हमले के पंद्रहवें दिन जब भारतीय वायुसेना ने PoK में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया, तब सिर्फ बम नहीं गिरे — पूरे देश के दिलों में लहर उठी। इस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ऐलान के साथ ही उत्तर प्रदेश की सियासत भी एकजुट होकर भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करती नज़र आई।

जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन की तस्वीर साझा करते हुए “जय हिंद, जय हिंद की सेना!” का जयघोष किया, वहीं विपक्षी नेताओं ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक ही आवाज़ में सेना के साहस को प्रणाम किया।

एक सुर में बोले नेता, दल कोई भी हो

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर गौरवशाली और सराहनीय है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने “पराक्रमो विजयते!” लिखते हुए परोक्ष रूप से सेना के साहस को सलाम किया। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने इसे “दुनिया की सबसे बहादुर सेना” का प्रतीक बताया।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इसे “भारत की आत्मा पर प्रहार का करारा जवाब” बताया और कहा कि “यह नया भारत है, जो आतंक की फैक्ट्रियों को घर में घुसकर खत्म करता है।”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि “देश के शहीदों के परिजनों को आज सुकून मिला है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि आतंक को पालने वालों पर कार्रवाई जरूरी थी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इस ऑपरेशन को “भारतीय अस्मिता पर मरहम” और “हर भारतीय की भावना का जवाब” बताया। उन्होंने मोदी, शाह और राजनाथ को धन्यवाद भी दिया।

 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *