मालदा : पश्चिम बंगाल के मालदा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में टीएमसी सरकार बेहद क्रूर और बेरहम हो चुकी है। केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए विकास फंड को खुलेआम लूटा जा रहा है और गरीबों का हक छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीएमसी नेता अब बंगाल के गरीब भाइयों और बहनों के दुश्मन बन गए हैं।
आयुष्मान भारत को रोकना गरीबों के साथ अन्याय
प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि देश के बाकी राज्यों में गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल इकलौता राज्य है जहां इस योजना को लागू नहीं होने दिया गया। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी नेताओं को जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं।
TMC stands exposed as a party of corruption, appeasement and violence. West Bengal needs a BJP government that prioritises development and people’s welfare. Addressing a massive rally in Malda.@BJP4Bengal
https://t.co/0J3v9ppj4k— Narendra Modi (@narendramodi) January 17, 2026
पूर्वी भारत के विकास से ही बनेगा विकसित भारत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दशकों तक पूर्वी भारत नफरत की राजनीति करने वालों के कब्जे में रहा, लेकिन बीजेपी ने इस क्षेत्र को उस राजनीति से आज़ाद किया है। आज पूर्वी भारत की जनता को बीजेपी पर पूरा भरोसा है।
“बिहार फतेह, अब बंगाल की बारी”
बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत के बाद अब बंगाल की बारी है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से बंगाल में भी विकास की नदी बहेगी और बीजेपी इसे करके दिखाएगी।
बाढ़ राहत में भ्रष्टाचार का आरोप
पीएम मोदी ने टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि बाढ़ राहत के पैसे गलत खातों में भेजे गए। कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों को राहत मिलनी चाहिए थी, उन्हें कुछ नहीं मिला, जबकि टीएमसी के चहेतों को बार-बार पैसा ट्रांसफर किया गया।
बंगाल को मिली विकास की बड़ी सौगात
इससे पहले पीएम मोदी ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। इसके अलावा उन्होंने 3,250 करोड़ रुपये से ज्यादा की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।











