Pakistan Airstrike : काबुल: पाकिस्तान ने सोमवार रात अफगानिस्तान में हवाई हमले किए, जिनमें राजधानी काबुल के कई इलाकों को निशाना बनाए जाने की खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि सैकड़ों घायल बताए जा रहे हैं।
Pakistan Airstrike : स्थानीय सूत्रों के मुताबिक दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विस्फोटों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया।
तालिबान ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया और कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
अफगान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि प्रभावित अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
इस घटना पर अफगान क्रिकेटर राशिद खान ने भी प्रतिक्रिया देते हुए संयुक्त राष्ट्र से जांच की मांग की है। उन्होंने आम नागरिकों पर हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया।
इससे पहले भी पाकिस्तान ने कंधार प्रांत में एयरस्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था, जिसे उसने ‘गजब-लिल-हक’ ऑपरेशन का हिस्सा बताया। जवाब में तालिबान ने भी पाकिस्तानी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
Pakistan Airstrike : दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात टकराव की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार हालिया संघर्षों के चलते बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।
Pakistan Airstrike : पाकिस्तान का कहना है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान अफगानिस्तान की जमीन से संचालित हो रहा है, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है।











