M.P News : ओरछा में होली के दिन बड़ा हादसा: बेतवा नदी में डूबे दो युवक, एक की मौत

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की पर्यटन नगरी ओरछा में होली के दिन बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक डूब गए। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है।

दोनों घटनाएं उस समय हुईं जब युवक अपने दोस्तों के साथ होली मनाने और घूमने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया।

नाव घाट के पास हुआ पहला हादसा

पहली घटना बुधवार शाम करीब 3 बजे ओरछा के नाव घाट के पास हुई। जानकारी के मुताबिक झांसी के हंसारी इलाके का रहने वाला 23 वर्षीय निपेश पस्तोर अपने दोस्तों के साथ ओरछा घूमने आया था।

बताया जा रहा है कि नदी किनारे खड़े होने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह अचानक गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला।

Read More : MP की खुली जेलों में अब महिलाएं भी सकेंगी रह, आज पुलिस जवान मनाएंगे होली

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

निपेश को पानी से निकालने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सीपीआर दिया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में झांसी रेफर किया गया।

हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।

दूसरे युवक की तलाश जारी

पहले हादसे के कुछ देर बाद दूसरी घटना बड़े पुल के पास हुई। बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला विनोद शर्मा अपने दोस्त विनय के साथ नदी किनारे गया था।बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका भी पैर फिसल गया और वह पानी में गिरकर डूब गया।

पुलिस और गोताखोर चला रहे सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा, पर्यटन चौकी पुलिस और उनकी टीम मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और लापता युवक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में सावधानी बरती जा रही है।त्योहार के दौरान हुए इन हादसों ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *