नई दिल्ली : पुरानी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक फैज़-ए-इलाही मस्जिद के आसपास नगर निगम (MCD) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद मंगलवार देर रात शुरू हुआ यह अभियान बुधवार सुबह तक लगातार चलता रहा। पूरी रात एक साथ 30 से अधिक बुलडोजर इलाके में तैनात रहे और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।
36 हजार वर्गफुट से अधिक जमीन कराई गई खाली
एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक मस्जिद के आसपास करीब 36,000 स्क्वायर फीट क्षेत्र से अवैध कब्जा हटाया जा चुका है। यहां दुकानों, मैरिज हॉल और अन्य पक्के निर्माण मौजूद थे। मस्जिद कमेटी ने इसे वक्फ बोर्ड की संपत्ति बताया, लेकिन वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण निगम ने पहले नोटिस जारी किया और फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
Read More : Trump Venezuela Oil Deal : ट्रंप का बड़ा दांव! वेनेजुएला के 50 मिलियन बैरल तेल पर अमेरिका का कब्जा
पत्थरबाजी से बिगड़ी स्थिति, पुलिस ने संभाला मोर्चा
डिमोलिशन के दौरान स्थानीय लोगों ने पहले नारेबाजी की और बाद में एमसीडी टीम व पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस घटना में 6 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सुरक्षा कारणों से इलाके को कई जोन में बांटा गया और 9 डीएसपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मलबा हटाने में लगेंगे कई दिन
रातभर चले बुलडोजर अभियान के चलते करीब 200 से ज्यादा ट्रक मलबा जमा हुआ है। एमसीडी का कहना है कि इसे पूरी तरह हटाने में कम से कम चार दिन का समय लगेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी करीब 20 फीसदी अतिक्रमण शेष है, जिसे जल्द हटाया जाएगा।
CCTV से पहचान, अब तक 10 लोग हिरासत में
पत्थरबाजी की घटना को लेकर दिल्ली पुलिस के पास 100 से अधिक वीडियो और सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एमसीडी का कहना है कि अभियान पूरा होने के बाद मस्जिद कमेटी को सीमांकन कर दीवार बनाने को कहा जाएगा।











