[Nishaanebaz News] NMDC Bacheli:फकरे आलम खान\ बचेली । एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक श्री श्रीधर कोडाली ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में श्रीधर कोडाली ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर, समावेशी और सशक्त राष्ट्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एनएमडीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हुए निष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
एनएमडीसी ने बनाया 53 मिलियन टन उत्पादन का रिकॉर्ड
समारोह के दौरान श्री कोडाली ने एनएमडीसी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में एनएमडीसी ने 53 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन का ऐतिहासिक आंकड़ा हासिल किया। इसमें बचेली कॉम्प्लेक्स का 174.73 लाख टन का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Raipur News: किराएदार या कुक रखने से पहले कर लें ये काम, अब घर बैठे होगा पुलिस वेरिफिकेशन
उन्होंने कहा कि कंपनी उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है। बालिका शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्थानीय विकास से जुड़े कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में योगदान दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
NMDC Bacheli: स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का संचार किया।
समारोह के दौरान नेहरू श्रम पुरस्कार, श्रेष्ठ श्रमिक पुरस्कार, एनएमडीसी मेधावी छात्र पुरस्कार, नेहरू स्मृति उत्कृष्ट छात्र पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ सीआईएसएफ कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों की रही मौजूदगी
NMDC Bacheli: कार्यक्रम में एनएमडीसी के विभिन्न विभागों के प्रमुख, श्रमिक संघों के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, संविदा कर्मी, श्रमिक, चिकित्सक, शिक्षक, सीआईएसएफ जवान और उनके परिवारजन सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्रीधर कोडाली ने एनएमडीसी बचेली से जुड़े सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी से ईमानदारी, निष्ठा और आपसी सहयोग के साथ एनएमडीसी की प्रगति, क्षेत्र के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।कार्यक्रम का समापन डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ। पूरे समारोह के दौरान परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।





