पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ जिले के विकासखण्ड धारचूला में ऐलागाड़ स्थित भूमिगत NHPC पावर हाउस की टनल के मुहाने पर रविवार को भूस्खलन की घटना हुई। भारी मलबा और पत्थर जमा होने के कारण टनल का मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे 19 मजदूर फंसे। इनमें से 8 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 11 अभी भी फंसे हुए हैं।
जिलाधिकारी ने राहत कार्य का अपडेट दिया
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि प्रशासन, बीआरओ, एनएचपीसी, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ और अन्य बचाव दल संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चला रहे हैं। उन्होंने कहा, “टनल के मुहाने से मलबा हटाया जा रहा है और इमरजेंसी शाफ्ट एरिया को लगातार साफ किया जा रहा है। फंसे हुए सभी मजदूर सुरक्षित हैं।”
फंसे मजदूरों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि फंसे हुए 11 मजदूरों तक राशन और आवश्यक सामग्री पहुंचा दी गई है। बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है ताकि उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।
सुरक्षा और बचाव में सभी एजेंसियां जुटी
मौके पर जिला प्रशासन की निगरानी में एनएचपीसी के कर्मी और सुरक्षा बल बचाव कार्य में शामिल हैं। मलबा हटाने और टनल का मार्ग खोलने के लिए मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भूस्खलन के कारण टनल का मार्ग फिलहाल बंद है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि सभी फंसे मजदूर जल्द ही सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाएंगे।











