मुंगेली। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम संघ के आह्वान पर मुंगेली जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अनोखे प्रदर्शन के तहत खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्य स्वास्थ्य मंत्री को अपनी नाराजगी जताई। इससे पहले कर्मचारी हाथों में मेहंदी लगाकर प्रदर्शन कर चुके हैं।
Read More : बचेली में गणेश उत्सव को शांति-पूर्ण बनाने के लिए पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने ली बैठक
एनएचएम कर्मचारी संघ के संरक्षक अमित दुबे, जिलाध्यक्ष पवन निर्मलकर और डॉ. अखिलेश बंजारे ने बताया कि यह हड़ताल कर्मचारियों की नियमितीकरण और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर है। हड़ताल के पांचवें दिन संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने खून से पत्र लिखकर माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर को संविदा प्रथा समाप्त कर नियमितीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार से वेतन में समानता, सम्मानजनक सेवा शर्तें, स्थायित्व और नियमितीकरण सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। हड़ताल के कारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है।













