Dilapidated Road at Ramanujganj Checkpost: बलरामपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्य की सीमा को जोड़ने वाले बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इंटरस्टेट चेकपोस्ट (कन्हर बेरियर) पर जर्जर सड़क और जानलेवा गड्ढे राहगीरों तथा वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। इस व्यस्ततम चेकपोस्ट पर बने गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं।
कन्हर नदी पुल से ठीक पहले बने इन बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना गुजरने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे सड़क पर घंटों जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
बारिश के कारण पानी से ढके गड्ढे, गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल
मानसून के मौसम में चेकपोस्ट पर स्थिति और भी भयावह हो गई है। सड़क के गड्ढों में लगातार पानी भरा रहने के कारण वाहन चालकों को उनकी वास्तविक गहराई का पता नहीं चल पाता। इसके चलते कई दोपहिया वाहन, ऑटो और मालवाहक गाड़ियां अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं।
गड्डों में गाड़ियां टकराने से वाहनों के एक्सल टूटने, डेंट लगने और भारी नुकसान होने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं।
राहगीरों और ऑटो चालकों ने बयां किया दर्द
इस रास्ते से रोज आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों और व्यावसायिक चालकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है:
-
स्थानीय नागरिक (प्रदीप कश्यप): “बॉर्डर पर सड़क की स्थिति बेहद खराब है। पानी भरे रहने से गड्ढों का पता नहीं चलता, जिससे गाड़ियां पलटने लगती हैं और बॉडी में डेंट आ जाता है। इससे हमारा आर्थिक नुकसान हो रहा है।”
-
ऑटो चालक (सुरेंद्र यादव): “हम प्रतिदिन सवारियों को लेकर इस चेकपोस्ट से गुजरते हैं। यहां घुटने के बराबर गड्ढे हैं। ऑटो में सवारी बैठी रहती है तो हमेशा दुर्घटना होने और सवारियों के नीचे गिरने का डर सताता रहता है।”
संवेदनशील चेकपोस्ट पर रोजाना हजारों वाहनों का दबाव
रामानुजगंज का यह अंतरराज्यीय चेकपोस्ट बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां आरटीओ (RTO), मंडी, वन विभाग (Forest), खनिज और आबकारी विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल 24 घंटे तैनात रहते हैं।
झारखंड, बिहार समेत अन्य राज्यों से आने-जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों के दस्तावेजों की जांच और एंट्री इसी बेरियर पर होती है। रोजाना हजारों गाड़ियों के यहां रुकने और जांच की प्रक्रिया के दौरान सड़कों की इस बदहाली से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण विभाग से मांग की है कि इस चेकपोस्ट की सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।




