टीकमगढ़। Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सख्त निर्देशों के बाद गठित संयुक्त जांच दल ने बुधवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और होटलों पर औचक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे गए घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जांच दल ने सबसे पहले अस्पताल चौराहा स्थित आलोक मिष्ठान भंडार पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से ‘स्वीट सूजी हलवा’ का नमूना सील किया गया। इसके साथ ही दुकान के भीतर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर का अवैध रूप से उपयोग किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर कार्रवाई करते हुए मौके से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
Read More :
इसी क्रम में, अस्पताल चौराहा स्थित धर्मदास राय के प्रतिष्ठान पर भी घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया, जहां से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया। इसके अलावा, टीम ने लुकमान चौराहा स्थित माधव स्वीट्स से पनीर और दूध बर्फी के नमूने तथा दरवाइया इंटरप्राइजेज (तेज होटल) से पनीर का सैंपल जांच के लिए संग्रहित किया।
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 4 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष कुमार जैन और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सार्थक तिवारी की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुई।