इंदौर। RSS National Meet in Indore: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की अत्यंत महत्वपूर्ण तीन दिवसीय बैठक आगामी 2 नवंबर 2026 से मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शुरू होने जा रही है। इस राष्ट्रीय बैठक में संघ प्रमुख (सरसंघचालक) डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर के 11 क्षेत्रों व 46 प्रांतों से करीब 408 प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा, संगठन विस्तार और ‘पंच परिवर्तन’ जैसे सामाजिक मुद्दों के साथ-साथ युवाओं में तेजी से बढ़ते नशीली दवाओं के चलन पर प्रभावी रोक लगाने की रणनीति पर प्रमुखता से विचार-विमर्श होगा।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेडकर ने बैठक से पूर्व जानकारी साझा करते हुए बताया कि समाज में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती लत को गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए संघ विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बड़े पैमाने पर जनजागरण अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार कर रहा है।
संगठन विस्तार और 1.10 लाख स्थानों तक कार्य
बैठक में संघ के अभूतपूर्व संगठन विस्तार के आंकड़ों पर भी चर्चा होगी। वर्तमान में देशभर में संघ की 1,01,151 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जबकि संघ का प्रत्यक्ष कार्य 1,10,849 स्थानों तक पहुंच चुका है। बीते एक वर्ष के भीतर ही 13 हजार से अधिक नई शाखाएं जुड़ी हैं। इसके अलावा, संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित किए गए 65,660 हिंदू सम्मेलनों के परिणामों और आगामी संवाद कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
चुनावी वर्ष और आगामी सांगठनिक फेरबदल
उल्लेखनीय है कि यह संघ का चुनावी वर्ष भी है, जिसके चलते इंदौर में होने जा रही यह बैठक सांगठनिक दृष्टि से बेहद खास है। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के हालिया विदेश प्रवासों के दौरान हिंदुत्व, भारतीय जीवन दर्शन और सकारात्मक वैश्विक विकास पर हुए संवादों की भी समीक्षा की जाएगी। मार्च में नागपुर में होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में सह सरकार्यवाह के चुनाव से पहले इंदौर की इस बैठक में आगामी अभियानों और रणनीतिक दिशा पर अंतिम मुहर लगेगी।