टेक डेस्क। WhatsApp New Update: इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए एक अच्छी खबर है। कंपनी ने ऐप पर ग्रुप चैट के अनुभव को और अधिक बेहतर व सुविधाजनक बनाने के लिए 4 नए फीचर्स पेश किए हैं। इन नए अपडेट्स के आने के बाद अब जरूरी मैसेज कभी नहीं छुपेंगे, क्योंकि उन्हें हमेशा के लिए पिन किया जा सकेगा। इसके अलावा, नए सदस्यों के साथ पुरानी चैट शेयर करने और खास ग्रुप के लिए अलग से स्टेटस लगाने की सुविधा भी मिल गई है।
व्हाट्सएप के ये नए फीचर्स उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे जो परिवार, दोस्तों और ऑफिस के कई अलग-अलग ग्रुप्स से जुड़े रहते हैं। अक्सर महत्वपूर्ण जानकारियां ज्यादा चैटिंग के बीच दब जाती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए मेटा ने ये बड़े बदलाव किए हैं।
व्हाट्सएप के 4 नए फीचर्स की मुख्य बातें:
-
हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे मैसेज (Permanent Message Pinning): पहले किसी मैसेज को पिन करने के लिए 24 घंटे, 7 दिन या 30 दिन की समय सीमा तय करनी पड़ती थी, जिसके बाद वह स्वतः अनपिन हो जाता था। अब यूजर्स किसी भी जरूरी मैसेज (जैसे मीटिंग लिंक या एड्रेस) को बिना किसी समय सीमा के हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे।
-
ग्रुप में जुड़ने के बाद भी मिलेगी पुरानी चैट: कई बार किसी नए सदस्य को ग्रुप में बाद में जोड़ा जाता है जिससे उसे पुरानी बातचीत की जानकारी नहीं होती। अब ग्रुप का कोई भी पुराना सदस्य नए व्यक्ति के जुड़ने के बाद भी उसे हालिया चैट हिस्ट्री शेयर कर सकेगा। यह डेटा भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगा।
-
खास ग्रुप के लिए शेयर कर सकेंगे Status: ‘ग्रुप स्टेटस’ फीचर की मदद से यूजर्स किसी चुनिंदा व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों के साथ ही अपना स्टेटस शेयर कर सकेंगे। उदाहरण के लिए, दोस्तों के ग्रुप का स्टेटस परिवार या ऑफिस के लोग नहीं देख पाएंगे। यह सामान्य स्टेटस की तरह 24 घंटे बाद खुद गायब हो जाएगा।
-
Mentions और Replies ढूंढना होगा आसान: कई ग्रुप्स में एक्टिव रहने वाले यूजर्स के लिए यह फिल्टर बहुत काम का है। अब एक अलग फिल्टर के जरिए उन अनरीड ग्रुप चैट को आसानी से देखा जा सकेगा जहां आपको किसी ने टैग किया है या आपके मैसेज का रिप्लाई दिया है। इसमें
@allसे भेजे गए संदेश भी शामिल होंगे।
एंड्रॉइड और आईफोन पर कब मिलेंगे ये फीचर्स?
WhatsApp ने इन चारों फीचर्स को Android और iPhone यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया है। हालांकि, सर्वर-साइड अपडेट होने के कारण इन्हें सभी यूजर्स तक धीरे-धीरे पहुंचाया जा रहा है। यदि आपके फोन में ये फीचर्स अभी नहीं दिख रहे हैं, तो अपने डिवाइस पर व्हाट्सएप को गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से लेटेस्ट वर्जन में अपडेट कर लें।