Chawal Wale Baba: दुष्कर्म का आरोपी ‘चावल वाले बाबा’ अचानक लाया गया रायपुर, जेल में बिगड़ी तबीयत

VIKASH KHALKHO

Chawal Wale Baba: रायपुर/महासमुंद: दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद और ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से मशहूर चर्चित कथावाचक आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को बेहद गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया है। जेल में बंद रहने के दौरान अचानक बाबा की तबीयत बिगड़ने के बाद महासमुंद पुलिस की एक विशेष टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच सूमो गाड़ी से पहले रायपुर केंद्रीय जेल लेकर पहुंची। यहां जरूरी कागजी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उचित उपचार और सोनोग्राफी जांच के लिए डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकाहारा) ले जाया जा रहा है।

बाबा बोले- मेरे खिलाफ बड़ी साजिश

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जब मीडिया ने दुष्कर्म के आरोपों और जेल से रायपुर लाए जाने को लेकर नरेंद्र नयन शास्त्री से सवाल किया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने दबी जुबान में अपनी सफाई देते हुए केवल इतना कहा कि यह सब उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाबा की सामाजिक और सार्वजनिक पहचान को देखते हुए सुरक्षा कारणों से उनके मूवमेंट को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।

बागबाहरा पुलिस ने सिलयारी से किया था गिरफ्तार

बता दें कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाने में एक पीड़ित महिला ने ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों को सही पाते हुए बागबाहरा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बाबा को रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।

आश्रम में लगती थी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

मूल रूप से रायपुर के सिलयारी का रहने वाला नरेंद्र नयन शास्त्री लंबे समय से अपनी कथावाचन शैली और ज्योतिष विधा को लेकर छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों में सुर्खियों में रहा है। आम जनता और श्रद्धालुओं के बीच उसकी ख्याति ‘चावल के दाने देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में थी। इसी चमत्कार के दावे के चलते उसके आश्रम और धार्मिक कार्यक्रमों में हमेशा अंधविश्वास और आस्था के नाम पर हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ती थी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मेकाहारा अस्पताल में सोनोग्राफी और अन्य मेडिकल रिपोर्ट्स आने के बाद आरोपी बाबा को वापस महासमुंद जेल दाखिल कर दिया जाएगा।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *