Tuesday, August 18, 2026
Home Crime Operation Clean Hunt: रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, कुनकुरी से दबोचा गया...

Operation Clean Hunt: रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, कुनकुरी से दबोचा गया बाइक चोरी का फरार आरोपी

Operation Clean Hunt: गौरी शंकर गुप्ता/धरमजयगढ़/रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशन और धरमजयगढ़ पुलिस की मुस्तैदी से वर्ष 2024 के एक चर्चित मोटरसाइकिल चोरी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बजरंग सोनी को पड़ोसी जिले जशपुर के कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सिसरिंगा बाजार बस स्टैंड से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला अगस्त 2024 का है। ग्राम आमानाय (साजापाली) के निवासी देवानसाय कोरवा ने 10 अगस्त 2024 को थाना धरमजयगढ़ में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि वह 5 अगस्त 2024 की शाम को अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BA 5173) से सामान खरीदने के लिए सिसरिंगा बाजार गया हुआ था। बस स्टैंड के पास अपनी बाइक खड़ी कर जब वह किराना दुकान गया और वापस लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल और उसमें रखा मोबाइल फोन गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब वाहन का सुराग नहीं मिला, तब धरमजयगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/2024, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

सह-आरोपी अमरनाथ पहले ही हो चुका था गिरफ्तार

मामले की विवेचना के दौरान 4 अक्टूबर 2024 को पुलिस ने एक संदेही अमरनाथ सोनी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की थी। तब अमरनाथ ने चोरी की बात कबूल की थी और उसकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई थी। अमरनाथ ने खुलासा किया था कि इस पूरी वारदात में उसके साथ बजरंग सोनी भी बराबर का भागीदार था। सह-आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से ही बजरंग सोनी पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था, जिसके कारण पुलिस ने उसके खिलाफ न्यायालय में पृथक से चालान पेश किया था।

मुखबिर की सूचना पर जशपुर में घेराबंदी कर दबोचा

हाल ही में जिला पुलिस कप्तान द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस की टीम को एक पुख्ता इनपुट मिला। मुखबिर ने सूचना दी कि फरार आरोपी बजरंग सोनी (45 वर्ष) इन दिनों अपने गृह ग्राम नवाटोली धुमाडांड (बुढीडेरा), थाना कुनकुरी (जिला जशपुर) आया हुआ है। सूचना की तस्दीक होते ही धरमजयगढ़ पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम रवाना की और जशपुर पुलिस के समन्वय से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।

“अपराध पुराना हो या नया, कानून के शिकंजे से कोई नहीं बचेगा” — एसएसपी

इस सफल कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा— “रायगढ़ जिले में फरार चल रहे किसी भी अपराधी को कानून के शिकंजे से बचने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। चाहे अपराध पुराना हो या नया, प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उसे माननीय न्यायालय के कटघरे तक पहुँचाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह अभियान आगे भी इसी तरह पूरी कड़ाई से जारी रहेगा।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here