Dharmendra Lodhi Attack On Jitu Patwari: खंडवा (शेख रेहान)। मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा युवाओं (जेन जी) को साधने के लिए निकाली जा रही साइकिल यात्रा पर सियासत गरमा गई है। खंडवा पहुंचे प्रदेश के धर्मस्व, पर्यटन एवं जिला प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जीतू पटवारी और कांग्रेस संगठन पर तीखा तंज कसा है। मंत्री लोधी ने दो टूक कहा कि जिस नेता का खुद का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, वह कांग्रेस पार्टी को क्या आगे ले जा पाएगा।
“खुद हारने वाले को बना दिया प्रदेश अध्यक्ष”
खंडवा में मीडिया से चर्चा करते हुए जब मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा और ‘जेन जी’ (Gen Z) युवाओं को पार्टी से जोड़ने की मुहिम को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा:
“जीतू पटवारी का खुद का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। जो नेता खुद विधानसभा चुनाव में 30 से 35 हजार वोटों के बड़े अंतर से हार गया हो और कांग्रेस ने उसे उठाकर सीधे प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप दी हो, उसके नेतृत्व में पार्टी का क्या भविष्य होगा? मुझे बिल्कुल नहीं लगता कि वह मध्य प्रदेश में कांग्रेस को आगे ले जाने में सक्षम हैं।”
‘दतिया में खिलेगा कमल, कांग्रेस डूबता जहाज है’
दतिया विधानसभा उपचुनाव और प्रदेश के राजनीतिक माहौल पर बात करते हुए प्रभारी मंत्री लोधी ने दावा किया कि आगामी उपचुनाव में दतिया में पूर्ण बहुमत के साथ कमल खिलेगा। उन्होंने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस अब एक डूबता हुआ जहाज बन चुकी है, जिसका जनता के बीच कोई जनाधार नहीं बचा है। आम जनता बेहद समझदार है और वह भली-भांति जानती है कि विकास के लिए किसका साथ देना है और किसका नहीं।
गौरतलब है कि जीतू पटवारी इन दिनों इंदौर से भोपाल तक की साइकिल यात्रा के जरिए युवाओं को लामबंद करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे भाजपा नेता महज एक राजनीतिक ड्रामा करार दे रहे हैं।







