Koriya Tribal Girl Suicide Case: बैकुंठपुर में आदिवासी छात्रा आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, 2 अन्य की तलाश जारी

VIKASH KHALKHO

Koriya Tribal Girl Suicide Case: बैकुंठपुर (कोरिया)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्रा को चोरी के झूठे आरोप में जलील व ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोरिया पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में संलिप्त दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

चोरी के आरोप में ब्लैकमेलिंग और 50 हजार की रंगदारी

पूरा मामला बैकुंठपुर के पुलिस लाइन का है, जहां निवास करने वाले प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते बुधवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में यह दर्दनाक खुलासा हुआ कि रितु स्थानीय ‘आईसी मार्ट’ (IC Mart) गई थी। वहां मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया और डरा-धमकाकर एक कागज पर जबरन यह लिखवा लिया कि उसने चोरी की है।

इसके बाद मार्ट प्रबंधन ने छात्रा के परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शुरुआत में लड़की से 15 हजार रुपये की मांग की गई। जब उसके चाचा बात करने पहुंचे, तो रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई। अंत में जब छात्रा के पिता स्वयं मार्ट पहुंचे, तो प्रबंधन ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की और पैसे न देने पर छात्रा की स्कूटी जबरन छीन ली। सरेबाजार परिवार के सामने इस तरह जलील किए जाने से व्यथित होकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया था।

आरोपियों पर था 5-5 हजार का इनाम, राजस्थान से पकड़ाया आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) कोरिया ने घटना में संलिप्त तीनों फरार आरोपियों—जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सटीक सूचना और साइबर सेल की मदद से कोरिया पुलिस की टीम ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी विनोद वैद को दबोच लिया।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) का कड़ा रुख

इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासन और कोरिया पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले पर तथ्यात्मक रिपोर्ट और की गई कानूनी कार्रवाई का पूरा ब्योरा तलब किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और बाकी दो फरार आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *