Tuesday, September 8, 2026
Home Chhattisgarh Naxalism Chhattisgarh : बीजापुर में नक्सलियों की कायराना करतूत: प्रेशर IED की...

Naxalism Chhattisgarh : बीजापुर में नक्सलियों की कायराना करतूत: प्रेशर IED की चपेट में आया ग्रामीण, विस्फोट में उड़ा पैर

Naxalism Chhattisgarh : बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक में नक्सलियों द्वारा फैलाए गए मौत के जाल (IED) ने एक और निर्दोष ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया है। घटना गुरुवार दोपहर की है, जब इल्मीडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लंकापल्ली के जंगलों में एक प्रेशर IED ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में 30 वर्षीय ग्रामीण राजू मोडियाम गंभीर रूप से घायल हो गया है।

लकड़ी लेने गया था पीड़ित: प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंकापल्ली निवासी राजू मोडियाम पिता मुन्नी मोडियाम रोज की तरह जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसका पैर जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर IED पर पड़ गया। पैर पड़ते ही एक भीषण धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से राजू के दाहिने पैर के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लहूलुहान राजू को रेस्क्यू किया।

इलाज और सुरक्षाबलों की कार्रवाई: घायल राजू को ग्रामीणों ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन घाव की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बीजापुर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, विस्फोट के कारण पैर की हड्डियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं और वर्तमान में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों की टीम मौके पर पहुंची और लंकापल्ली के जंगलों में सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है ताकि अन्य संभावित खतरों को निष्क्रिय किया जा सके।

दहशत का माहौल: नक्सली अक्सर सुरक्षाबलों के जवानों को नुकसान पहुँचाने के लिए जंगलों और पगडंडियों पर IED बिछाते हैं, लेकिन अक्सर ग्रामीण और मवेशी इनका शिकार हो जाते हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है, क्योंकि उनकी दैनिक जरूरतों के लिए जंगल जाना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here