मुंगेली: “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सूखा नशा यानी ब्राउन शुगर की तस्करी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को बिहार के सासाराम से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 01 पिस्टल, 02 मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन और ऑपरेशन बाज के अंतर्गत की गई। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
मुंगेली: दिनांक 18 जून 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुंगेली के पुलपारा क्षेत्र में दो युवक ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर लक्की उर्फ अवि पाठक (22) और दीपक विश्वकर्मा (20) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से 30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.5 लाख रुपये आंकी गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी ब्राउन शुगर की खेप सासाराम, बिहार के करन बिंद से खरीदते थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया। 30 जून को करन कुमार बिंद (21), निवासी नया बस स्टैंड, बनरसिया, थाना मुफ्फसिया, जिला रोहतास को गिरफ्तार कर लिया गया।
करन के पास से 1 देशी पिस्टल, 2 मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरीजाशंकर यादव (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सुशील कुमार बंछोर (प्रभारी साइबर सेल), नंदलाल पैकरा, सउनि. ईश्वर सिंह राजपूत सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।











