Sirali Electricity Bill Issue: स्मार्ट मीटर पर सिराली में बढ़ा विरोध ‘बिना सहमति लगाए मीटर, भेजे जा रहे मनमाने बिल’, उपभोक्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

Anuj Nirala

Sirali Electricity Bill Issue: हरदा। जिले के सिराली क्षेत्र में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं और व्यापारियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उनकी सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस मामले को लेकर जिला फुटकर व्यापारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्टर और तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

Sirali Electricity Bill Issue: ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की स्पष्ट असहमति के बावजूद घरों और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद से बिजली बिलों में भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता और छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि पहले जहां उनका मासिक बिजली बिल 300 से 400 रुपये के बीच आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई गुना अधिक राशि के बिल जारी किए जा रहे हैं।

READ MORE: Gwalior Bike Stunt: VIP इलाके में मौत को दावत! जज-IAS-IPS अधिकारियों के बंगलों के सामने युवक ने एक पहिए पर दौड़ाई बाइक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

Sirali Electricity Bill Issue: उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली बिलों और वास्तविक खपत के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। कई मामलों में बिलिंग इतनी अधिक हुई है कि लोगों को समझ नहीं आ रहा कि इतनी बिजली की खपत आखिर हुई कैसे। ज्ञापन में एक ऐसे उपभोक्ता का भी उल्लेख किया गया है, जिसे 26 हजार 997 रुपये का बिजली बिल जारी किया गया। उपभोक्ताओं का दावा है कि यह बिल वास्तविक खपत की तुलना में बेहद अधिक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Sirali Electricity Bill Issue: स्मार्ट मीटर के साथ-साथ लोगों ने बिजली विभाग पर बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रात के समय अचानक बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Sirali Electricity Bill Issue: व्यापारी संघ और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिन उपभोक्ताओं की शिकायतें हैं उनके यहां पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं तथा विवादित बिजली बिलों की जांच कर उन्हें संशोधित किया जाए। साथ ही बिजली विभाग की बिलिंग और मीटरिंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास कायम रह सके।

Sirali Electricity Bill Issue: ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ और उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली, तो क्षेत्र के व्यापारी और आम नागरिक मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

READ MORE: Divyang Quota Controversy: दिव्यांग कोटे में खेल या कागज़ी खानापूर्ति? आरटीआई में सामने आई सूची ने खड़े किए कई सवाल

Sirali Electricity Bill Issue: सिराली में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता विरोध अब एक बड़े जनमुद्दे का रूप लेता दिखाई दे रहा है। ऐसे में सभी की नजर प्रशासन और बिजली विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *