रीवा, एमपी। MP Rewa : रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के बारा गांव में आसमान से मौत बरसी। खेत के पास एक आम के पेड़ के नीचे खड़े एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
दोपहर करीब 1:30 बजे हुई इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान आशीष वासुदेव (32), उनकी पत्नी ज्योति (26) और बेटे किशन (8) के रूप में हुई है। ये सभी बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़े थे, जब अचानक बिजली गिरी और जिंदगी हमेशा के लिए थम गई।
घटना में नन्हीं नैना (2) और परिवार के बुजुर्ग प्रेमलाल वासुदेव (55) झुलस गए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में संजय गांधी मेडिकल कॉलेज, रीवा रेफर किया गया है।
हालांकि, कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में प्रेमलाल की पत्नी के भी घायल होने का दावा किया गया था, लेकिन पुलिस ने इस बात को स्पष्ट रूप से अस्वीकृत कर दिया है।
गांव में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता देने की बात कही है।













