भोपाल। MP Politics : भारतीय जनता पार्टी अब पार्टी लाइन से हटकर बयान देने और संगठन के खिलाफ कार्य करने वाले नेताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। प्रदेश संगठन ने ऐसे नेताओं की सूची तैयार कर ली है, जो सार्वजनिक मंचों से सरकार और संगठन की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं। इन नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ-साथ उन्हें भविष्य में सत्ता और संगठन के प्रमुख पदों से भी वंचित रखने की योजना बनाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में भोपाल में हुई सत्ता-संगठन समन्वय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी की छवि खराब करने वाले नेताओं के खिलाफ गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में नेताओं की गतिविधियां, पार्टी विरोधी बयान और नोटिस पर दिए गए जवाबों का पूरा विवरण होगा।
इस कार्रवाई की जद में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक चिंतामणि मालवीय, प्रीतम लोधी, प्रदीप पटेल समेत देवास और सागर के महापौर भी आ सकते हैं। पार्टी हाईकमान अब ऐसे नेताओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के मूड में है।













