Betul Abduction Case: बैतूल में बेखौफ बदमाशों का तांडव, हथियारों से लैस होकर घर में घुसे 10-12 दबंग, युवती का दिनदहाड़े अपहरण

VIKASH KHALKHO

बैतूल (शशांक सोनकपुरिया)। Betul Abduction Case: एक ओर जहाँ मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला मुस्तैद था, वहीं दूसरी ओर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। जिले के थाना बीजादेही क्षेत्र अंतर्गत बालाईमाल गाँव में दिनदहाड़े हथियारों से लैस होकर आए बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, परिजनों के साथ मारपीट की और एक युवती को जबरन खींचकर बोलेरो वाहन में बिठाकर अपने साथ ले गए। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन में सवार होकर आए करीब 10 से 12 अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर गाड़ी रोकी और जबरन भीतर घुस गए। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि बदमाश बंदूक, धारदार तलवार और लोहे के भारी पाइप जैसे घातक हथियारों से लैस होकर आए थे। घर में दाखिल होते ही उन्होंने गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी और घर में रखे कीमती सामान को भारी नुकसान पहुंचाया।

युवती के भाई राहुल ने आपबीती बताते हुए गंभीर आरोप लगाए कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके घर में घुसते ही आतंक मचाना शुरू कर दिया। जब परिजनों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने युवती के माता-पिता पर लाठी-डंडों व लोहे के पाइप से हमला कर उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी युवती को घर से जबरन घसीटते हुए बाहर लाए और बोलेरो गाड़ी में ठूँसकर तेजी से मौके से फरार हो गए।

Read More : MP State Data Governance Committee: मध्य प्रदेश में स्टेट डेटा गवर्नेंस कमेटी का गठन, मुख्य सचिव होंगे अध्यक्ष

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा-सहमा हुआ है। अपहृत युवती की मां सविता बाई, ग्रामीण माया यादव और परिजन फूलचंद यादव ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले में बिना किसी दबाव के निष्पक्ष व त्वरित जांच की जाए और उनकी बेटी की जल्द से जल्द सुरक्षित सकुशल वापसी सुनिश्चित करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैतूल के पुलिस अधीक्षक (SP) वीरेंद्र जैन ने संज्ञान लिया है। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। बीजादेही थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर नाकेबंदी करवा दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जबकि ग्रामीणों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई और युवती की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी हुई हैं।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *