वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का बड़ा बयान! बोले- सर्वस्पर्शी होगा बजट

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि राज्य का आगामी बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने इसे “सर्वस्पर्शी और जनआकांक्षाओं पर आधारित” बताते हुए कहा कि बजट से पहले आम नागरिकों और विषय विशेषज्ञों से सुझाव लिए गए हैं, ताकि योजनाएं ज़मीनी जरूरतों के अनुरूप बन सकें।

किसानों के लिए विशेष प्रावधान, घोषित हुआ कृषि कल्याण वर्ष

वित्त मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में चिन्हित किया है। इसके तहत किसानों के हित में नई योजनाएं, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और कृषि से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

तीन साल का विकास रोडमैप

देवड़ा ने स्पष्ट किया कि यह बजट केवल एक वित्तीय वर्ष तक सीमित नहीं होगा, बल्कि तीन वर्षों के विकास रोडमैप को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सिंचाई, गरीब कल्याण, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क निर्माण और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

Read More : M.P News : इंदौर में हाई वोल्टेज ड्रामा! 400 केवी टावर पर चढ़ी महिला, दो घंटे तक चला तनाव

खर्च न करने वाले विभागों पर सख्ती

सरकार ने वित्तीय अनुशासन पर जोर देते हुए कहा है कि जो विभाग आवंटित राशि का पूरा उपयोग नहीं कर पाते, उनका बजट आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है।

कर्ज पर विपक्ष को जवाब

कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे कर्ज के मुद्दे पर वित्त मंत्री ने कहा कि सरकारी ऋण विकास कार्यों में निवेश के लिए लिया जाता है, न कि अनुत्पादक खर्च के लिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जीएसडीपी के 3% की सीमा के भीतर ही ऋण ले रही है और ब्याज भुगतान समय पर किया जा रहा है। साथ ही केंद्र सरकार से 50 वर्षों के लिए शून्य ब्याज दर पर ऋण भी प्राप्त हो रहा है, जो दीर्घकालिक विकास में सहायक होगा।प्रदेश का यह आगामी बजट अब राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर सभी वर्गों की नजरें टिकी हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *