Saturday, October 3, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Rajmohalla Case : इंदौर राजमोहल्ला कांड: महिला सफाईकर्मी पर भारी पार्सल...

Indore Rajmohalla Case : इंदौर राजमोहल्ला कांड: महिला सफाईकर्मी पर भारी पार्सल फेंकने वाले तीन आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार, बस जब्त

Indore Rajmohalla Case : इंदौर। इंदौर की सड़कों पर स्वच्छता की सेवा देने वाली एक महिला सफाईकर्मी के साथ हुई क्रूरता के मामले में मल्हारगंज पुलिस ने ‘क्विक एक्शन’ लेते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। राजमोहल्ला चौराहे के पास सफाईकर्मी सुनीता बाली पर बस की छत से जानबूझकर भारी पार्सल फेंककर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ ‘हत्या के प्रयास’ (Attempt to Murder) की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

सीसीटीवी से मिला सुराग, त्वरित हुई गिरफ्तारी घटना रविवार की है, जब सुनीता बाली अपनी ड्यूटी कर रही थीं। तभी वहां से गुजर रही एक छह पहिया बस की छत पर सवार कर्मचारियों ने एक भारी-भरकम पार्सल सीधे उनके ऊपर फेंक दिया। इस जानलेवा हमले की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद थाना प्रभारी मल्हारगंज नीरज बिरथरे की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की और तीन आरोपियों—संजय कछावा, ड्राइवर आकाश भाबर और तुषार भाबर को गिरफ्तार कर लिया।

कड़ी धाराओं में केस और साक्ष्य बरामद एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस कृत्य को मात्र लापरवाही न मानकर जानबूझकर किया गया हमला माना है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई छह पहिया बस और उस जानलेवा पार्सल को भी साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी बस कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पर पुलिस का कड़ा रुख इस घटना ने शहर में स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी और कर्तव्य का सम्मान करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कृत्य के पीछे उनकी मंशा क्या थी और क्या इसमें बस मालिक या अन्य किसी की भूमिका भी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here