Molestation Case Chhattisgarh : बचेली (दंतेवाड़ा): बचेली पुलिस ने एक युवती के साथ घर में घुसकर छेड़खानी करने और विरोध करने पर पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अनूप बघेल ने मानसिक रूप से कमजोर पीड़िता के साथ अमानवीय कृत्य का प्रयास किया था।
घर में घुसकर किया था शर्मनाक कृत्य
घटना 30 दिसंबर 2025 की है, जब आरोपी अनूप बघेल ने पुराना मार्केट स्थित एक घर में घुसकर वहां मौजूद मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ छेड़खानी की और उसे निर्वस्त्र करने का प्रयास किया। मौके पर प्रार्थिया (युवती की ननद) के पहुंच जाने के कारण आरोपी वहां से भाग निकला। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
धमकी देना पड़ा भारी: पिता-पुत्र दोनों गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर पुलिस टीम जब आरोपी की तलाश कर रही थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी अनूप बघेल और उसके पिता झालू राम बघेल पीड़ित पक्ष को रिपोर्ट दर्ज कराने पर धमका रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।
-
मुख्य आरोपी अनूप के खिलाफ छेड़खानी और धमकाने के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
-
पिता झालू राम बघेल के खिलाफ पीड़ित पक्ष को डराने के संबंध में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को बचेली पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव और उप निरीक्षक राम कुमार जैन सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













