Sunday, August 23, 2026
Home Chhattisgarh Satta Khaiwal Arrested: रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन अंकुश” के तहत खरसिया में...

Satta Khaiwal Arrested: रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन अंकुश” के तहत खरसिया में बड़ी कार्रवाई, चार जुआरी और दो सटोरिये गिरफ्तार

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ “ऑपरेशन अंकुश” चलाया जा रहा है। इसके तहत रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी और सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में खरसिया पुलिस टीम ने जुआ और सट्टा के ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड मारी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है और मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने वाले मुख्य खाईवाल सहित दो आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

राठौर चौक के पास जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 21 मई 2026 को खरसिया पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि राठौर चौक के पास संतोष राठौर के कार्यालय के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां भगदड़ मच गई और कुछ जुआरी भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को धर दबोचा।

चार जुआरी गिरफ्तार, नगदी और ताश पत्ते जब्त

पकड़े गए जुआरियों की पहचान हिमांशु श्रीवास (22 वर्ष, पुरानी बस्ती खरसिया), मनोज राठौर (40 वर्ष, पुरानी बस्ती खरसिया), टुकेश्वर साहू (26 वर्ष, पुरानी बस्ती खरसिया) और लवकुमार राठौर (47 वर्ष, निवासी घघरा, खरसिया) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल ₹4500 नगद तथा ताश के पत्ते जब्त किए हैं। इन सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

मोबाइल से सट्टा खिलाते पकड़ाया आरोपी, खाईवाल का भी हुआ खुलासा

जुआ रेड के अलावा, खरसिया पुलिस ने नया मंगल बाजार शेड में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने की सूचना पर भी एक बड़ी रेड कार्रवाई की। यहाँ पुलिस ने आरोपी प्रवीण राठौर (32 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती खरसिया) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और ₹600 नगद जब्त किए गए। जब पुलिस ने आरोपी प्रवीण से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने राजेश अग्रवाल नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर सट्टे का अवैध कारोबार संचालित करना स्वीकार किया।

62 वर्षीय मुख्य खाईवाल भी पुलिस की हिरासत में

आरोपी प्रवीण के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य खाईवाल राजेश अग्रवाल (62 वर्ष, निवासी चंदन तालाब खरसिया) को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में राजेश अग्रवाल की संलिप्तता पूरी तरह उजागर होने के बाद उसे भी सट्टा अपराध के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। अंततः, खरसिया पुलिस की इस दोहरी और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here