खजुराहो : मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी एक बार फिर विवादों में हैं। मंत्री के भाई और बहनोई पर गांजा तस्करी के गंभीर आरोप लगने के बाद बीजेपी आलाकमान ने प्रतिमा बागरी को कड़ी फटकार लगाई है। संगठन ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए नाराज़गी जताई है।
46 किलो गांजा के साथ भाई गिरफ्तार
पुलिस ने राज्यमंत्री के सगे भाई अनिल बागरी को 46 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उन्हें 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले यूपी की बांदा पुलिस ने मंत्री के बहनोई शैलेंद्र सिंह को भी गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
‘जो गलत करेगा उसे सजा मिलेगी’ — मंत्री बागरी
खजुराहो कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचीं प्रतिमा बागरी ने सरकार से जुड़े सवालों पर सफाई दी। उन्होंने कहा—“कानून अपना काम कर रहा है। जो गलत करेगा, उसे सजा जरूर मिलेगी। हमारी सरकार की यही खासियत है।”इसके साथ ही उन्होंने मीडिया पर रिश्तों को लेकर जल्दबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी को ‘रिश्तेदार’ बताने से पहले तथ्य देखकर बात करें।
लेकिन भाई के साथ रक्षाबंधन की तस्वीरें वायरल
मंत्री ने रिश्तों की पुष्टि को लेकर सवाल उठाए, लेकिन उनके एक्स (ट्विटर) पर मौजूद तस्वीरें खुद उनके दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं।9 अगस्त को पोस्ट की गई रक्षाबंधन की तस्वीरों में प्रतिमा बागरी अपने भाई को राखी बांधते और तिलक लगाते नजर आ रही हैं।
गिरफ्तारी पर सवाल पूछे जाने पर भड़क गईं मंत्री
पत्रकारों ने जब भाई की गिरफ्तारी पर उनसे प्रतिक्रिया मांगी, तो वह असहज हो गईं।खजुराहो कन्वेंशन सेंटर के बाहर उन्होंने तीखे लहजे में कहा—“जबरदस्ती की बात क्यों करते हो?”इसके बाद उन्होंने आगे कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया।
कैसे हुआ पर्दाफाश?
सतना जिले की पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि मरोहा गांव में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने दबिश देकर धान की चार बोरियों में छुपाए गए 12–12 पैकेट बरामद किए।
- कुल मात्रा — 46 किलो 134 ग्राम
- बाजार मूल्य — 9,22,680 रुपये
पुलिस ने अनिल बागरी के साथ पंकज सिंह बघेल और शैलेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया है।













