महू के जंगल में दरिंदगी! कॉलेज छात्रा से गैंगरेप, दोस्त को पीटकर भगाया

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेरछा जंगल में कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

मंदिर दर्शन के बाद हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, इंदौर की एक कॉलेज छात्रा अपने दोस्त के साथ लगनचा मंदिर में दर्शन करने के बाद बेरछा क्षेत्र के जंगल में घूमने गई थी। दोनों एक सुनसान स्थान पर बैठे हुए थे, तभी पीछे से दो अज्ञात युवक वहां पहुंच गए।

दोस्त को पीटा, छात्रा को बनाया निशाना

आरोपियों ने पहले छात्रा के मित्र पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया और वहां से भगा दिया। इसके बाद दोनों बदमाश छात्रा को जंगल के भीतर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।घायल युवक किसी तरह जंगल से बाहर निकलकर डायल 112 पर कॉल कर सका, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज

बड़गोंदा थाना पुलिस ने देर रात मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़िता और उसके मित्र से पूछताछ की है और मेडिकल जांच भी कराई गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इंदौर ग्रामीण एसपी यांगचेन ढोलकर भूटिया समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच और पूछताछ शुरू कर दी है।

अब तक आरोपी अज्ञात, तलाश जारी

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है, लेकिन विभिन्न तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *