माकड़ी में ‘ओपन माइक’ से गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश, कलाकारों ने प्रस्तुतियों से दिया ऑनलाइन ठगी से बचने का संदेश

Sanjay Sahu

रोशन सेन/ माकड़ी, 20 सितंबर 2026। साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत शनिवार रात माकड़ी के दुर्गा मंच में अनूठा ‘ओपन माइक’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, नाटक, कविता, भाषण और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय माकड़ी, हायर सेकेंडरी स्कूल माकड़ी, हायर सेकेंडरी स्कूल हीरापुर, सरस्वती शिशु मंदिर माकड़ी एवं प्राथमिक शाला मिरमिण्डा के विद्यार्थियों सहित क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, वहीं प्रस्तुतियों के माध्यम से लालच, डर और लापरवाही से बचते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश भी दिया गया।

मनोरंजन के साथ जागरूकता का अनूठा संगम

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में लोगों को जानकारी दी। इनाम जीतने, लॉटरी, बिना ब्याज के लोन, नौकरी लगाने, ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने जैसे झांसे देकर की जाने वाली ठगी के साथ-साथ डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, म्यूल सिम और बैंक अकाउंट के दुरुपयोग के संबंध में भी लोगों को सावधान किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान ऐप डाउनलोड न करें और संदिग्ध वीडियो कॉल से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा किसी भी साइबर संबंधी समस्या या संदेह की स्थिति में नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करने की जानकारी दी गई।

सेल्फी के जरिए भी फैला साइबर जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम स्थल पर साइबर जागरूकता सेल्फी अभियान भी चलाया गया। प्रतिभागियों और दर्शकों ने क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली तथा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश आगे पहुंचाया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ और ‘मैं साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ का संकल्प लेते हुए साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक रहने की शपथ ली। कार्यक्रम स्थल पर साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से भी लोगों को जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों का सम्मान

कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही माकड़ी क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता एवं सकारात्मक संदेश प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती रुक्मणी पोयाम, सरपंच ग्राम पंचायत माकड़ी, श्रीमती पूजा शर्मा जनपद सदस्य, श्री चंदन साहू, श्री गौतम साहू, श्री हेमलाल वट्टी, श्री संजू पोयाम, श्री संजू ग्वाल, श्री ललित पोयाम, श्री दीपेंद्र नाग, श्री विष्णु पांडे, श्री रोशन सेन, श्री रूपेंद्र भारद्वाज, श्री भीमराज लावत्रे एवं श्रीमती चंद्रकला सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, शिक्षक, विद्यार्थी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

यह आयोजन पुलिस और आमजन की सहभागिता से साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम को देखने के लिए माकड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दुर्गा मंच पहुंचे।

छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से मुक्त बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और जिम्मेदार रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Share The News
Share This Article
2 Comments