Monday, August 17, 2026
Home Chhattisgarh Makdi News: किसानों की समस्याओं को लेकर राधना मंडल में कांग्रेस का...

Makdi News: किसानों की समस्याओं को लेकर राधना मंडल में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Makdi News
Makdi News

Makdi News:रोशन सेन /माकड़ी। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माकड़ी के तत्वावधान में राधना मंडल में धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माकड़ी के अध्यक्ष गौतम कुमार साहू ने किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए।

Makdi News:धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। इसके पश्चात तहसीलदार माकड़ी के माध्यम से मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कृषि कार्य के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण का समय पर वितरण सुनिश्चित करने, सहकारी समितियों में उर्वरकों की पर्याप्त व्यवस्था करने, लगातार हो रही बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा किसानों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही किसानों से जुड़े अन्य लंबित मामलों का भी शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी गई।

कांग्रेस ने राधना क्षेत्र में जिला सहकारी बैंक की नई शाखा खोलने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि राधना क्षेत्र के अंतर्गत तीन लैम्प्स संचालित हैं, लेकिन किसानों को बैंकिंग कार्यों के लिए लगभग 20 किलोमीटर दूर फरसगांव जाना पड़ता है। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की अतिरिक्त हानि होती है तथा खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए राधना में जिला सहकारी बैंक की शाखा शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम कुमार साहू ने कहा कि किसान आज खाद, ऋण, बिजली और बैंकिंग जैसी बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में राधना मंडल के वरिष्ठ कांग्रेसजन, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here