Raipur Corporation : रायपुर। नगर निगम रायपुर ने गुरुवार को टाटीबंध स्थित छुईया तालाब क्षेत्र में अवैध ठेले और गुमटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर और जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा भी मौजूद रहे।
जोन 8 के शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में लंबे समय से छुईया तालाब के किनारे ठेले और गुमटियां अवैध रूप से लगाई जा रही थीं। इन दुकानों से निकलने वाला कचरा सीधे नालियों में जा रहा था, जिससे जल बहाव अवरुद्ध हो रहा था और आसपास गंदगी फैल रही थी। स्थानीय नागरिकों की बार-बार शिकायतों के बाद निगम ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
Raipur Corporation : स्वच्छता विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध पाटों को तोड़ा और तालाब किनारे से ठेले–गुमटी हटा दिए। अधिकारियों ने साफ किया कि तालाब और नालियों के ऊपर किसी भी प्रकार का व्यावसायिक कब्जा पूरी तरह प्रतिबंधित है। नालियों का नियमित बहाव बनाए रखना और तालाब को प्रदूषण से बचाना इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य था।
जोन अधिकारियों ने उपस्थित ठेले–गुमटी संचालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में अगर तालाब किनारे या नालियों पर कोई अवैध ठेले या गुमटी पाई गई, तो उनके खिलाफ जुर्माना, गुमटी जप्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे तालाब, नालियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत निगम को दें। इस अभियान के माध्यम से निगम ने शहर की स्वच्छता, जल संरक्षण और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है।











