Mahasamund Paddy Procurement Fraud : राजेन्द्र सिन्हा/महासमुंद। जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत घोंच सहकारी समिति में धान खरीदी के नाम पर चल रहे बड़े खेल का कलेक्टर ने भंडाफोड़ किया है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में गंभीर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिसके बाद उन्होंने समिति प्रबंधक के खिलाफ कड़े कदम उठाने के आदेश दिए हैं।
पुराने धान को खपाने की थी साजिश: कलेक्टर के निरीक्षण में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि समिति में पुराने रबी फसल के धान को नए धान के रूप में खपाने की कोशिश की जा रही थी। इसके अलावा, मौके पर गुणवत्ताहीन धान की खरीदी और तौलाई में भी भारी गड़बड़ी पाई गई। किसानों के हक पर डाका डालने वाली इस कार्यप्रणाली को देख कलेक्टर ने मौके पर ही नाराजगी जाहिर की।
निलंबन और एफआईआर के निर्देश: मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दोषियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने के लिए भी कहा है। कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन की धान खरीदी व्यवस्था में भ्रष्टाचार या लापरवाही करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद: निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी और जिला विपणन अधिकारी भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे धान खरीदी केंद्रों पर अपनी निगरानी और तेज करें ताकि किसी भी केंद्र पर किसानों के साथ धोखाधड़ी न हो सके।













