Mahasamund News: महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा जंगल में वन विभाग की टीम पर हमला और वनकर्मियों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। जंगली सूअर के शिकार की सूचना पर जांच के लिए पहुंची वन विभाग की टीम को 40 से 50 महिला-पुरुषों ने घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान वनकर्मियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
Mahasamund News: घटना बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा गांव के पास कक्ष क्रमांक 95 और 96 में बीती रात की बताई जा रही है। टीम में रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक, वॉचर और अन्य कर्मचारी समेत कुल 6 लोग शामिल थे।
करीब 6 घंटे तक बंधक बनाए रखने का आरोप
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, टीम जंगली सूअर के शिकार की सूचना के बाद जंगल में निरीक्षण के लिए पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए और वन अमले को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की।
बताया जा रहा है कि रेंजर नवीन वर्मा, डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा और चौकीदार राकेश ध्रुव समेत अन्य वनकर्मियों को करीब 6 घंटे तक जंगल में बंधक बनाकर रखा गया।
मोबाइल से पुलिस और अधिकारियों को दी सूचना
बंधक बनाए गए वनकर्मियों ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे और वनकर्मियों को बाहर निकाला।
घायल वनकर्मियों का कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण
मारपीट में घायल वन अधिकारियों और कर्मचारियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। हालांकि, कितने वनकर्मियों को कितनी चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
Mahasamund News: घटना के बाद वन विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वनकर्मियों के साथ मारपीट और उन्हें बंधक बनाए जाने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






