MP Crime: प्रयागराज में उधार और बेइज्जती से कुंठित युवक ने रची दोस्त की हत्या की साजिश रीवा में फेंका शव, तीन गिरफ्तार

Anuj Nirala
mp crime

[nishaanebaz.com]  MP Crime: प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में युवक आलोक गुप्ता की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक से उधार लिए रुपये, उसके रहन-सहन से ईर्ष्या और कथित तौर पर बेरोजगार व नौकर कहकर मजाक उड़ाए जाने से नाराज उसके दोस्त शुभम तिवारी ने दो साथियों शुभम यादव और अंकुश यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी आलोक गुप्ता (27) धूमनगंज के हरवारा स्थित अम्बर अपार्टमेंट में किराये के कमरे में रहता था। 22 अगस्त को उसकी मां रेखा देवी ने उसके लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र में सेल्फी प्वाइंट के पास नीले रंग के बैग में अज्ञात शव मिलने की सूचना सामने आई। आलोक के भाई अनुराग गुप्ता ने रीवा पहुंचकर कपड़ों, बैग और फोटो के आधार पर शव की पहचान अपने भाई के रूप में की।

MP Education: धार के सरकारी स्कूल में लापरवाही का वीडियो वायरल, बारिश में भीगी बच्चों की किताबें; धूप में सुखाते नजर आए छात्र

इसके बाद धूमनगंज पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अम्बर अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज में 11 अगस्त को तीन लोग एक भारी नीले रंग का बैग स्विफ्ट कार में रखते हुए दिखाई दिए। वादी ने इनमें से एक की पहचान शुभम तिवारी के रूप में की। विवेचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने शुभम यादव और अंकुश यादव की भी पहचान कर तीनों को सूबेदारगंज फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

गोली मारने के बाद दबाया मुंह और गला

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक शुभम तिवारी ने बताया कि आलोक उसका मित्र था और शादियों में फोटोग्राफी का काम करता था। उसे अच्छे पैसे मिलते थे। शुभम ने आलोक से काफी रुपये उधार ले रखे थे और उसके रहन-सहन से ईर्ष्या भी रखता था। आरोप है कि आलोक उसे बेरोजगार और अपना नौकर कहकर मजाक उड़ाता था। इसी से कुंठित होकर शुभम ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आलोक को गोली मार दी। गोली लगने के बाद जब वह चिल्लाने लगा तो उसका मुंह और गला दबा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नीले बैग में रखकर कार से मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सोहागी क्षेत्र में ले जाकर फेंक दिया गया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का इनाम

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम तिवारी (19), शुभम यादव (20) और अंकुश यादव (19) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक खोखा कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक ब्लूटूथ तथा घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन बरामद किया है।

Khargone Field Boundary Dispute News: कसरावद के भग्यापुर में खेत की मेड़ पर चारा काटने को लेकर खूनी संघर्ष

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 314/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), कमिश्नरेट प्रयागराज की ओर से घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *