Jabalpur Elephant Herd Alert: छत्तीसगढ़ से 300 किमी का सफर तय कर जबलपुर के बरगी पहुंचा 40 हाथियों का विशाल झुंड, वन विभाग में हड़कंप

VIKASH KHALKHO

जबलपुर। Nishaanebaz.com-Jabalpur Elephant Herd Alert: पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के घने जंगलों से सफर शुरू करते हुए लगभग 300 किलोमीटर की लंबी और कठिन दूरी तय करके 40 हाथियों का एक विशाल झुंड मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र में दाखिल हो गया है। हाथियों के इस भारी-भरकम दल के अचानक रिहायशी और वनीय सीमाओं के पास पहुंचने से वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

बालाघाट के रास्ते बरगी में हुई एंट्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह पूरा दल छत्तीसगढ़ के जंगलों से रवाना होकर बालाघाट के रास्ते मध्य प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ। बालाघाट के चूरापूड़ी, नकटिया और परासिया जैसे ग्रामीण व वन क्षेत्रों को पार करते हुए हाथियों यह कारवां आखिरकार जबलपुर के बरगी क्षेत्र तक आ पहुंचा। इतनी बड़ी संख्या में जंगली जानवरों के इस तरह मैदानी और वनीय इलाकों के करीब पहुंचने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।

Read More : New Gun Buying Rules: मध्य प्रदेश में बंदूक खरीदने के नियम बदलने की तैयारी, 1 नवंबर से ऑनलाइन होगी प्रक्रिया

हरियाली और भोजन बने हाथियों के मुख्य आकर्षण

वन विशेषज्ञों और अधिकारियों का मानना है कि हाथियों के इस झुंड के इतनी लंबी दूरी तय करके यहाँ तक पहुंचने की मुख्य वजह बरगी और उसके आसपास के जंगलों में प्रचुर मात्रा में मौजूद हरियाली, पानी और पर्याप्त भोजन (चारा) की उपलब्धता है, जो इन वन्यजीवों को लगातार अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

Read More : Bihuni Kalan Village News: जहां रावण को माना जाता है महान विद्वान और ज्ञानी, दशहरे पर नारियल चढ़ाकर होती है आराधना

40 से अधिक वनकर्मी तैनात, सिवनी विभाग से भी समन्वय

हाथियों के बरगी पहुंचने की पुख्ता सूचना मिलते ही जबलपुर वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हाथियों की लगातार तलाश करने और उनकी हर गतिविधि पर 24 घंटे पैनी नजर रखने के लिए 40 से अधिक वनकर्मियों की विशेष टीम मैदानी इलाकों में तैनात कर दी गई है। इसके अलावा, सीमावर्ती सिवनी वन विभाग को भी इस मूवमेंट की पूरी जानकारी दे दी गई है ताकि दोनों जिलों की टीमें बेहतर समन्वय के साथ मिलकर काम कर सकें।

राहत की बात यह है कि अब तक हाथियों द्वारा किसी भी प्रकार के बड़े नुकसान या जनहानि की कोई सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करवा दी है और ग्रामीणों को सख्त सलाह दी है कि वे घने जंगलों की तरफ बिल्कुल न जाएं तथा जंगली हाथियों के नजदीक जाने से पूरी तरह बचें।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *