Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ASI और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत हालत में मिले। हैरानी की बात यह है कि दोनों पुलिसकर्मियों के पास मौजूद INSAS राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी मिली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
Ambikapur News: कैदी को जेल छोड़ने आए थे दोनों पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग जिले में पदस्थ हैं। वे दुर्ग से एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने आए थे। इसी दौरान दोनों प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास कथित तौर पर नशे की हालत में पड़े मिले। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की इस स्थिति ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लावारिस हालत में मिली INSAS राइफल
स्थानीय लोगों की नजर जब दोनों पुलिसकर्मियों पर पड़ी, तो उन्होंने इसकी सूचना बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां लावारिस हालत में पड़ी INSAS राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। हथियार की इस तरह असुरक्षित स्थिति में मिलने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
वायरल वीडियो के बाद वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय
Ambikapur News: घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में पड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। अब इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है। ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही और सरकारी हथियार की सुरक्षा में चूक को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।