MP DA Hike: भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद प्रदेश के कर्मचारियों का डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार के इस ऐलान से कर्मचारियों की मासिक सैलरी में भी इजाफा होगा।
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने जा रही है। यह बढ़ोतरी जनवरी 2026 से देय होगी। यानी कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर तक के नौ महीने का एरियर भी दिया जाएगा।
तीन किस्तों में मिलेगा नौ महीने का एरियर
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 तक के बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा। वहीं अक्टूबर महीने के वेतन, जिसका भुगतान नवंबर में होगा, उसमें बढ़े हुए डीए का नगद भुगतान किया जाएगा।इसका मतलब है कि कर्मचारियों को नवंबर में मिलने वाली सैलरी में बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ दिखाई देगा। इसके साथ ही पुराने बकाया का भुगतान भी अलग-अलग किस्तों में किया जाएगा।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2% बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि की जानकारी दी है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2026 से देय होगी। इससे प्रदेश के पेंशनर्स को भी महंगाई राहत का लाभ मिलेगा।
कितनी बढ़ेगी कर्मचारियों की सैलरी?
डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को पहले के मुकाबले अधिक महंगाई भत्ता मिलेगा। हालांकि, वास्तविक सैलरी में बढ़ोतरी कर्मचारी के मूल वेतन (Basic Pay) पर निर्भर करेगी। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी का बेसिक वेतन 30,000 रुपये है, तो 2 प्रतिशत बढ़ोतरी से उसे हर महीने 600 रुपये अतिरिक्त डीए मिलेगा। वहीं 40,000 रुपये बेसिक वेतन पर 800 रुपये और 50,000 रुपये बेसिक वेतन पर 1,000 रुपये की मासिक बढ़ोतरी होगी।सरकार के इस फैसले से प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।