Karwa Chauth 2026: करवाचौथ पर साड़ी, लहंगे या सूट के साथ चूड़ियां महिलाओं के श्रृंगार का अहम हिस्सा होती हैं। ऐसे में कपड़ों के साथ सही चूड़ा सेट चुन लिया जाए, तो पूरा लुक और निखर सकता है। अगर आपने इस बार पहनने के लिए आउटफिट तय कर लिया है, लेकिन हाथों में किस तरह का चूड़ा पहनें, इसे लेकर उलझन है, तो अलग-अलग डिजाइन से आइडिया ले सकती हैं।
सिल्क थ्रेड चूड़ा सेट

अगर आप पारंपरिक चूड़ियों से कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो सिल्क धागे से सजे चूड़ा सेट चुन सकती हैं। इन पर रंगीन धागों की बारीक कारीगरी होती है, जो इन्हें खास लुक देती है। साथ में कुंदन या हल्की गोल्डन ज्वेलरी पहनने से लुक संतुलित और आकर्षक नजर आएगा।
हैवी कंगनों वाला चूड़ा सेट


अगर आपको हाथों में भरा-भरा लुक पसंद है, तो पतली चूड़ियों के साथ हैवी डिजाइन वाले कंगनों का सेट चुन सकती हैं। इसमें कुछ सादी चूड़ियों के बीच बड़े और सजावटी कंगन पहने जाते हैं। यह डिजाइन खासकर उन महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प है, जो ज्यादा चूड़ियां पहने बिना हाथों को आकर्षक बनाना चाहती हैं। इसे अपनी साड़ी या सूट के रंग से मैच कर सकती हैं।
कुंदन वर्क वाला चूड़ा


कुंदन की कारीगरी वाले चूड़ा सेट पारंपरिक कपड़ों के साथ खूब जंचते हैं। इनमें रंगीन स्टोन और बारीक सजावट होती है, जो त्योहार के लुक को खास बना सकती है। लाल, मैरून, हरे या सुनहरे रंग के कुंदन चूड़े को अपने आउटफिट और ज्वेलरी के अनुसार चुनें। शादी के बाद पहला करवाचौथ हो, तब भी इस तरह का सेट एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
लटकन और पर्ल-स्टोन डिजाइन


लटकन वाले चूड़ा सेट में मोती या छोटे घुंघरू जैसी सजावट होती है, जो हाथों की हरकत के साथ आकर्षक लगती है। अगर आप लाल साड़ी पहन रही हैं, तो लाल और गोल्डन रंग का लटकन सेट चुन सकती हैं। वहीं, मोती और स्टोन की कारीगरी वाले चूड़े हल्के रंग के आउटफिट के साथ भी सुंदर लगते हैं। ऐसा डिजाइन करवाचौथ के अलावा शादी और दूसरे पारिवारिक समारोहों में भी पहना जा सकता है।
चूड़ा चुनते समय रखें ध्यान
चूड़ा सेट खरीदते समय अपने आउटफिट के रंग, कढ़ाई और ज्वेलरी को ध्यान में रखें। बहुत हैवी कपड़े के साथ हल्का चूड़ा और सादे आउटफिट के साथ सजावटी सेट चुन सकती हैं। साथ ही कलाई के सही साइज का ध्यान रखें, ताकि चूड़ियां आराम से पहनी जा सकें और पूरे दिन परेशानी न हो।